गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विभिन्न विषयों के सहायक आचार्य पदों के लिए रविवार को लिखित परीक्षा संपन्न हो गई। कुल 14 पदों के लिए 286 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें 176 उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने देर रात परिणाम घोषित कर दिया। परिणाम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
डीडीयू प्रशासन के मुताबिक, सहायक आचार्य के नियमित पदों के लिए इतिहास के लिए 61, मनोविज्ञान के लिए 26, अर्थशास्त्र के लिए 49 और बॉटनी के लिए 25 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसके अलावा होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग टेक्नोलॉजी, एमबीए, बीएएलएलबी (इतिहास), बीएएलएलबी (अर्थशास्त्र) में विषयों के लिए भी लिखित परीक्षा आयोजित हुई।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि परिणाम घोषित करते हुए वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता और मेरिट के आधार पर सुनिश्चित की जा रही है।