गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की सीट वृद्धि की मांग को विवि प्रशासन ने मंजूरी दे दी है। सीटों की वृद्धि के बाद महाविद्यालयों में विज्ञान, कला व वाणिज्य संकाय में स्नातक व परास्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
महाविद्यालयों में सीटें भर जाने के बाद भी छात्र प्रवेश के लिए संपर्क बना रहे थे। जिसे देख महाविद्यालयों ने सीट वृद्धि की मांग की थी। विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति की मंजूरी के बाद शहर के प्रमुख कॉलेजों में स्नातक व परास्नातक में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स के प्राचार्य डॉ. शाहिद जमाल ने बताया कि कॉलेज में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में 60 सीटों की वृद्धि हुई है। इसके अलावा बीएससी (जीव विज्ञान/गणित) एंव एमएससी (वनस्पति विज्ञान) में प्रवेश जारी है। दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह के मुताबिक बीएससी गणित, बीकॉम, एमकॉम और एमए में कई विषयों में प्रवेश लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: पटरियों पर दौड़ेंगी ट्रेनें, ऊपर चलेगा फूड प्लाजा, एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित होगा गोरखपुर जंक्शन