गोरखपुर से मुंबई के लिए तीसरी फ्लाइट मंगलवार को शुरू हो गई। पहले दिन कुल 232 यात्रियों ने सफर किया। 63 यात्री मुंबई से गोरखपुर पहुंचे जबकि यहां से मुंबई के लिए 169 ने उड़ान भरी। विमान कंपनी स्पाइस जेट ने इवनिंग फ्लाइट के तौर पर मुंबई के लिए अपनी दूसरी उड़ान शुरू की है।
स्पाइस जेट का यह दूसरा विमान सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को मुंबई के लिए उड़ान भरेगा। स्पाइस जेट का 180 सीटों वाला एक विमान पहले से ही मुंबई के लिए रोजाना उड़ान भरता है। लॉकडाउन के बाद मुंबई जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विमान कंपनी इंडिगो ने भी जुलाई में मुंबई के लिए उड़ान शुरू कर दी।
इंडिगो का यह विमान सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उड़ान भरता है। जल्द ही यह विमान भी रोजाना उड़ान भरने लगेगा। कंपनी की तरफ से इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। मुंबई के लिए एक और विमान सेवा शुरू होने के साथ अब गोरखपुर से कुल उड़ानों की संख्या नौ हो गई है। इनमें दिल्ली और मुंबई के लिए तीन-तीन, हैदराबाद, कोलकाता और प्रयागराज के लिए एक-एक उड़ान शामिल है।
स्पाइस जेट की इवनिंग फ्लाइट का शेड्यूल
दोपहर एक बजे स्पाइस जेट का विमान मुंबई से उड़ान भरकर दोपहर बाद 3.40 बजे गोरखपुर पहुंचेगा। आधे घंटे के अंतराल के बाद शाम 4.15 बजे वहीं फ्लाइट गोरखपुर से उड़ान भरकर शाम 6.50 बजे मुंबई पहुंचेगी।