गोरखपुर से गोवा तक उड़ान: गोरखपुर एयरपोर्ट।
- फोटो : अमर उजाला
आठ अक्तूबर से स्पाइस जेट का विमान गोरखपुर से गोवा की उड़ान भरेगा। रास्ते में कुछ समय के लिए यह विमान अहमदाबाद में रुकेगा। विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने टिकट की बुकिंग शुरू कर दी है। पहले गोरखपुर से अहमदाबाद के लिए ही उड़ान होती थी। चार माह पहले कोरोना संक्रमण की वजह से विमानन कंपनी ने इसे बंद कर दिया। गुजरात के अहमदाबाद आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है।
कोरोना संक्रमण की वजह से स्थगित हुई हवाई सेवा अगले माह से फिर शुरू हो जाएगी। विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने उड़ान का शेड्यूल जारी कर टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। सुबह 10 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरने वाली फ्लाइट दोपहर 12:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
आधे घंटे बाद दोपहर एक बजे यही फ्लाइट गोरखपुर से उड़ान भरकर अपराह्न 3:30 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। डेढ़ घंटे बाद यही फ्लाइट अहमदाबाद से उड़ान भरकर शाम 7:10 बजे गोवा पहुंचेगी। गोरखपुर से अहमदाबाद का सफर ढाई घंटे में पूरा होगा और किराए के तौर पर करीब 5800 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। गोरखपुर से गोवा जाने के लिए 8600 रुपये किराया लगेगा।