भाजपा ने गोरखपुर, आजमगढ़ और बस्ती मंडल के 10 जिलों के 107 ब्लॉकों का चुनाव जीत लिया है। गोरखपुर में सपा, बसपा या फिर कांग्रेस समर्थकों का खाता तक नहीं खुला है। दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है। वह भी भाजपा के बागी बताए जा रहे हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में भी साइकिल तेज रफ्तार से नहीं चल सकी है। आजमगढ़ व लालगंज क्षेत्र में भाजपा को जहां 13 ब्लॉकों में जीत मिली है, वहीं सपा समर्थक तीन ब्लॉकों का चुनाव जीतने में सफल हो सके हैं। छह ब्लॉकों का चुनाव निर्दलीय व बागियों ने जीता है।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के अंतिम परिणामों के साथ ही भाजपा की क्षेत्रीय, जिला व महानगर इकाई के पदाधिकारी उत्साहित हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार को कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों को जीत की बधाई दी। साथ ही कहा है कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन एतिहासिक है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी नीतियों की वजह से संभव हो सका है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र के 10 जिलों के 147 में से 136 ब्लॉकों से भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे। इसमें से 60 का निर्विरोध निर्वाचन हो गया था। शनिवार को चुनाव के बाद जो नतीजे आए, उसमें 47 और सीटों पर जीत मिली है। इस लिहाज से 107 ब्लॉकों में भाजपा की सरकार बन गई है।