फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश से कल भीगा-भीगा रहा शहर, खिचड़ी मेले में उमड़ी आस्था, देखें गोरखपुर की 10 खबरें

Sat, 18 Jan 2020 08:13 AM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर
विज्ञापन
1 of 10
बारिश में स्कूल जाते बच्चें। - फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर और आसपास की ताजा खबरें रियल टाइम आपके तक पहुंचाने के मकसद से हमने गोरखपुर डिजिटल पर नया कॉलम शुरू किया है। देखें 17 जनवरी की खबरें...

भीगा-भीगा रहा गोरखपुर, शनिवार को भी सताएगी सर्दी
बारिश की वजह से शुक्रवार को कोल्ड डे रहा। अधिकतम तापमान मात्र 16.8 डिग्री तक ही चढ़ सका। वहीं 19 किलोमीटर की रफ्तार से पछुवा हवा चलने से गलन महसूस होती रही। दिन और रात के तापमान में मामूली फर्क रहा। न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को भी ठंड सताएगी। अधिकतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

आज भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना
पंजाब से लेकर पूर्वी उत्तरप्रदेश तक कम दबाव का क्षेत्र बनने के साथ एक टर्फ लाइन पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर से गुजर रही है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि इस वजह से गोरखपुर में बारिश हो रही है। इसका असर शनिवार को भी रहेगा। शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे। शहर में तो बहुत ही कम, लेकिन गोरखपुर के आसपास के इलाकों पीपीगंज, कैंपियरगंज, महराजगंज, कप्तानगंज आदि इलाकों में दोपहर बाद से ही हल्की बारिश हो सकती है।

20 को फिर दस्तक दे सकता है एक विक्षोभ
कैलाश पांडेय ने बताया कि एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 20 जनवरी की रात में हिमालयी क्षेत्रों के पश्चिमी हिस्सों पर दस्तक दे सकता है। इसकी वजह से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड पर हल्की बारिश हो सकती है।
विज्ञापन

बारिश की धार में भी नहीं टूटी भक्तों की कतार

2 of 10
मंदिर परिसर में बारिश के बाद भी पहुंचे श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला
गोरखनाथ मंदिर में शुक्रवार को बारिश और ठंड के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु खिचड़ी चढ़ाने पहुंचे। बारिश थमने के बाद मेले में लगी दुकानें भी गुलजार रहीं। हालांकि ठंड के कारण लोगों ने झूले-चर्खी की ओर कम ही रुख किया।
मंदिर में जहां लोग आस्था की खिचड़ी एक महीने तक चढ़ाते हैं वहीं कुछ लोग केवल मेला करने आते हैं।

इनमें अल्पसंख्यक समुदाय के महिला-पुरुष अधिक होते हैं। वैसे मंदिर से जुड़े लोग कहते हैं कि जो खिचड़ी चढ़ाने आता है वह मेला भी जरूर जाता है। उनमें महिलाओं की संख्या सर्वाधिक होती है। मेले मेें हर तरह की दुकानें लगी हैं। दैनिक उपयोग का सामान बहुत ही सस्ती दरों पर वहां मिल जाता है।
 
शुक्रवार को क्रॉकरी, सौंदर्य प्रसाधन, बर्तन, लकड़ी के सामनों, चूड़ी सहित अन्य दैनिक उपयोग के सामानों की दुकानों पर बरसात के बाद भी भीड़ थी। मंदिर में सुरक्षा से लेकर सफाई की व्यवस्था मकरसंक्रांति के दिन की ही तरह चाक-चौबंद दिखी।
विज्ञापन

3 of 10
इन्दिरा नगर शिव मंदिर के पास और दाउदपुर में लगा पानी। - फोटो : अमर उजाला
ठंड के मौसम में हुई बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। बरसात का पानी भरने के कारण स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही दफ्तर या अन्य जगहों पर आने जाने वाले लोग भी प्रभावित रहे। बरसात के बाद इन्दिरा नगर शिव मंदिर के पास और दाउदपुर में जलजमाव के कारण वाहन चालकों के लिए बारिश आफत बन गई है। जगह- जगह जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

वहीं देर रात शुरू हुई बारिश की वजह से शुक्रवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। रुस्तमपुर इलाके के राजीव नगर इलाके में बिजली का खम्बा टूटने की वजह से राजीव नगर और शिव पूरी नई कॉलोनी, मिर्जा पुर समेत आस पास के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। जगन्नाथपुर इलाके में सुबह 8 बजे से लेकर 11 बजे तक आपूर्ति गुल रही। बिजली निगम के कर्मियों ने तकनीकी खामी दूर कर इलाकों में आपूर्ति बहाल की।

रुस्तमपुर के राजीव नगर में पोल के नीचे का हिस्सा पहले से पड़ा था। सुबह 8.30 बजे पोल टूटकर गिर गया, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने पोल को बदलने का काम शुरू हुआ। पूरे दिन बिजली न होने के कारण कई आसपास के मोहल्लों के लोग काफी परेशान हुए। बिजली निगम के जिम्मेदारों को फोन कर आपूर्ति बहाल होने की जानकारी लेते रहे। एसडीओ रुस्तमपुर प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि पोल टूट गया था। उसे बदलने में समय लगा है। शुक्रवार शाम पांच बजे के करीब आपूर्ति बहाल कर दी गई।

एबीवीपी ने स्वयंसिद्ध 2020 के तहत आयोजित किए कार्यक्रम

4 of 10
रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेते प्रतिभागी। - फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय कला मंच गोरखपुर महानगर की ओर से स्वयंसिद्ध-2020 के तहत रंगोली, पेंटिंग तथा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। डीवीएन पीजी कॉलेज के सभागार में सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिता कनिष्ठ व वरिष्ठ दो वर्ग में हुई। इसमें 302 विद्यार्थियों ने भाग लिया जबकि विश्वविद्यालय के कन्वेंशन हॉल में रंगोली में 50 तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में 45 विद्यार्थियों ने अपने हुनर दिखाए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ राजशरण शाही, महानगर उपाध्यक्ष डॉ वेद प्रकाश राय एवं डीवीएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य शैलेंद्र सिंह ने किया। डॉ राजशरण शाही ने परिषद की भूमिका रखते हुए बताया कि बहुत से ऐसे विद्यार्थी संगठन आए और खत्म हो गए लेकिन एबीवीपी 70 वर्षों के बाद भी उतनी ही मजबूती के साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि देश पर जब भी कोई संकट आएगा तब हम छात्र धर्म का निर्वहन करते हुए देश की रक्षा करेंगे। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता विरोध भी रचनात्मक तरीके से करते हैं। गुरुकुल संस्थान के डायरेक्टर सूरी ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता का उद्देश्य अंदर छिपी प्रतिभा को बाहर लाना है। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम विद्यार्थियों को हर तरह से परिपक्व करता है। इस अवसर पर ललित कला विभाग के सहायक आचार्य डॉ गौरी शंकर चौहान, कार्यक्रम के संयोजक मयंक राय, सूरज चौहान, विक्रमादित्य सिंह आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

मानव श्रृंखला बनाकर दिया न्योता

5 of 10
नागरिक संशोधन अधिनियम के समर्थन में गोरखपुर विद्यालय पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाया - फोटो : अमर उजाला
भाजपा की जिला और महानगर इकाई ने शुक्रवार को गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर रैली में आने का न्योता दिया। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में पोस्टर लहराए गए। महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष सत्यम साहनी और महानगर अध्यक्ष पवन यादव ने कहा कि युवा नए कानून का समर्थन कर रहे हैं।

युवा बड़ी संख्या में रैली में पहुंचेंगे और देशभर को सकारात्मक संदेश देने का काम करेंगे। रितेश सिंह बब्बू, अच्युतानंद शाही, केएम मझवार, अवधेश अग्रहरी, डॉ. विवेकानंद सिंह, अनिल कुमार, अभय शुक्ला, हिमांशु सिंह ने तिरंगे के साथ प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जयकारे लगाए। साथ ही कहा कि राष्ट्रवादी भावना से ओतप्रोत युवा रैली को यादगार बनाने का काम करेंगे।
विज्ञापन

6 of 10
आल इंडिया महापद्मनंद कम्युनिटी एजुकेटेड एसोसिएशन के लोगों ने शहादत दिवस मनाया। - फोटो : अमर उजाला
आल इंडिया महापद्मनंद कम्युनिटी एजुकेटेड एसोसिएशन के लोगों ने शुक्रवार को आर्मी के सूबेदार मेजर कलेक्टर प्रसाद शर्मा का शहादत दिवस मनाया। गोलघर के जलकल बिल्डिंग स्थित जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम कारगिल युद्घ के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।

सबसे पहले शहीदों के चित्र पर माला पहनाकर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कलेक्टर प्रसाद के बेटे और एसोसिएशन के खोराबार ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि पाली के माटे निवासी कलेक्टर प्रसाद 31 मार्च 1979 को सेना में सिपाही के रूप में भर्ती हुए। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें तीन बार सम्मानित किया गया और वह सूबेदार बने थे। कारगिल युद्घ के दौरान उनके दोनों पैरों में गोली लगी। कुछ दिनों तक जिंदगी की जंग जंग लड़ने के बाद वीरगति को प्राप्त हुए।

मुख्य अतिथि पार्षद प्रतिनिधि हीरालाल यादव ने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का विशेष योगदान होता है। सैनिक हमारे देश के सच्चे प्रहरी हैं, हमें इनका सम्मान करना चाहिए। इस दौरान पप्पू चौधरी, जेपी शर्मा, आरपी शर्मा, नकछेद नंद, सुजीत, रवि प्रकाश, विपुल, अविनाश, धीरेंद्र वर्मा, राकेश पासवान, डीएन शर्मा, विकास मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

इन्हें किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किए गए पूर्व सैनिकों में राम उदय शर्मा, मोहन प्रसाद शर्मा, हीरालाल, दीपनारायण,, एस चरण सिंह, दिनेश, लालजी, चंद्रशेखर, जयप्रकाश, रामकृपाल, ईश्वर चंद, केदारनाथ, सीवी ठाकुर, चिंतामणि, रामचंद्र, खेदु प्रसाद, चंद्रभान ठाकुर, विद्याधर, वीपी शर्मा शामिल रहे।
विज्ञापन

गोरखपुर विश्वविद्यालय के आंबेडकर चौराहे पर किया गया कार्यक्रम

7 of 10
गोरखपुर विश्वविद्यालय मुख्य द्वार पर डॉ रोहित चक्रवर्ती वेमुला को श्रद्धांजलि अर्पित करते असुर छात्र संगठन के लोग। - फोटो : अमर उजाला
हैदराबाद विश्वविद्यालय, तेलंगाना के शोध छात्र रोहित चक्रवर्ती वेमुला की पुण्यतिथि पर असुर संस्था की ओर से गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर और सपा छात्र सभा ने अंबेडकर चौराहे पर श्रद्धांजलि दी।

अंबेडकर चौराहे पर हुए कार्यक्रम में सपा के निवर्तमान प्रदेश सचिव शिव शंकर गोंड़ श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि रोहित की जान जातिवादी मानसिकता के लोगों के चलते गई। छात्र की जाति, धर्म, वर्ग नहीं होता वह सिर्फ छात्र होता है।

संचालन छात्रनेता प्रशांत कुमार ने किया। इस दौरान दीपक कुमार, अनिकेत, रमन, राहुल यादव, शिवव्रत यादव, विवेक चौधरी, सत्यपाल सिंह, रजनीकांत, विशाल कुमार, मंजेश निषाद, आशुतोष चौधरी, विकास वर्मा आदि मौजूद रहे।
गोरखपुर विश्वविद्यालय में असुर संस्था के लोगों ने वेमुला को श्रद्धांजलि देकर जातिवाद का खात्मा करने का संकल्प लिया।

जिला संयोजक मंजेश कुमार ने कहा कि जातिवाद जैसे छोटे विषय में वेमुला जैसे होनहार छात्र आत्महत्या करने को मजबूर हो गए। इससे खराब बात कुछ हो ही नहीं सकी है। इस अवसर पर आदित्य देव, प्रियंका कुमारी, त्रिशा आहुजा, ईश्वर कुमार, आदित्यदेव, प्रवीण कुमार, लक्ष्मण, अनुराग निषाद, विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।

चंद्रभान अमर रहें के जयघोष के बीच गांव पहुंचा पार्थिव शरीर

8 of 10
शहीद सैनिक चंद्रभान का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से कुशीनगर लाया गया। - फोटो : अमर उजाला
गौरी श्रीराम/गुरवलिया। शहीद चंद्रभान का पार्थिव शरीर शाम करीब पांच बजे गांव पहुंचा। सुबह से ही बारिश में भीगकर खड़े लोग शहीद की एक झलक पाने के लिए उतावले थे। बुजुर्ग से लेकर नौजवान तक ताबूत को छूने की कोशिश करने लगे। एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में धक्का-मुक्की जैसे हालात बन गए थे। भीड़ इस कदर ब्यग्र थी कि ताबूत को उतारने में आर्मी जवानों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस प्रशासन के अफसर बेबस नजर आए।

वाहन पर सवार आर्मी आफिसर ने हाथ जोड़कर विनती की, तब जाकर रास्ता मिला और शहीद चंद्रभान का पार्थिव शरीर दरवाजे तक पहुंचा। दरवाजे पर पहुंचे लोग ताबूत छूकर प्रणाम कर रहे थे।

मारवाड़ बिजनेस स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

9 of 10
मारवाड़ बिजनेस स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेती छात्रा। - फोटो : अमर उजाला
मारवाड़ बिजनेस स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इस दौरान पुरुष वर्ग के 1600 मीटर दौड़ में बीकॉम द्वितीय वर्ष के उत्सव श्रीवास्तव ने बाजी मारी। दूसरा स्थान बीकॉम प्रथम वर्ष के विशाल सिंह और तीसरा स्थान बीकॉम द्वितीय वर्ष के राहुल यादव ने हासिल किया।

800 मीटर दौड़ में बीबीए द्वितीय वर्ष के बृजमोहन यादव, बीकॉम प्रथम वर्ष के राहुल यादव और बीकॉम भाग तीन के विशाल आनंद सिंह ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

400 मीटर में बीकॉम द्वितीय वर्ष के राहुल यादव ने प्रथम, बीकॉम द्वितीय वर्ष  के उत्सव श्रीवास्तव ने दूसरा और बीकॉम द्वितीय वर्ष के अजय यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर में बीबीए के अभिषेक यादव, बीबीए द्वितीय वर्ष के अजय यादव, बीकॉम द्वितीय वर्ष के उत्सव श्रीवास्तव के अलावा 100 मीटर में बीबीए के अभिषेक यादव, बीबीए द्वितीय वर्ष के बृजमोहन यादव, बीकॉम द्वितीय वर्ष के राहुल यादव क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे पायदान पर रहे।

100 मीटर महिला वर्ग में बीकॉम द्वितीय की छात्रा रत्नप्रिया मालवीय प्रथम, बीसीए प्रथम वर्ष की नीशु सिंह द्वितीय और बीकॉम द्वितीय वर्ष की रागिनी शुक्ल तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर में रत्नप्रिया मालवीय, नीशु सिंह और वैष्णवी पांडेय, 400 मीटर में निशु सिंह, वैष्णवी पांडेय और रत्नप्रिया क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय पायदान पर रहे। प्राचार्य डॉ. संतोष त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया।
विज्ञापन

नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली को एतिहासिक बनाने की तैयारी

10 of 10
गोलघर में राजेश गुप्ता के नेतृत्व में पत्रक देते। - फोटो : अमर उजाला
नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रविवार (19 जनवरी) को महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज खेल मैदान में होने वाली रैली को भाजपा एतिहासिक बनाने की तैयारी में लगी है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को भाजपा की क्षेत्रीय, जिला, महानगर इकाई और भाजयुमो की ताबड़तोड़ बैठकें हुईं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह और महापौर सीताराम जायसवाल ने पार्षदों के साथ बैठक करके रैली को सफल बनाने की रणनीति बनाई। कहा गया कि पार्षद ज्यादा से ज्यादा भीड़ के साथ रैली स्थल पहुंचना सुनिश्चित करें। बसें चलाई जा रही हैं। ऑटो रिक्शों का इंतजाम भी है। मोटर साइकिल के साथ टीमें भी लगी हैं। जागरूकता रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान संबोधित करेंगे।

भाजपा गोरखपुर क्षेत्र की इस रैली में एक लाख से ज्यादा भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि स्थानीय नागरिकों की जितनी भागीदारी होगी, उतनी ही क्षमता आंकी जाएगी। नागरिकता संशोधन कानून से जनता खुश है। वह बिना निमंत्रण ही रैली में आना चाहती है। महानगर में जितने भी प्रवेश द्वार बने हैं, सब सजाए जाएंगे।

निवर्तमान महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि विराट रैली का संदेश पूरे देश में जाना चाहिए। कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, बृजेश सिंह छोटू, आलोक सिंह बिसेन, अजय ओझा, राजेंद्र तिवारी, दीपक चौहान, देवेंद्र गौड़ पिंटू, संतराज शर्मा, मनता लाल यादव और अभिषेक निषाद ने कहा कि सेक्टर स्तर पर निमंत्रण बांटे गए हैं।

वहीं, भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय बड़े और महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून देश, समाजहित में है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, प्रदीप शुक्ला, विश्वजिताशु सिंह आशु, सहजानंद राय और जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह सैंथवार ने कहा कि विपक्ष ने जो अफवाह फैलाई थी, उसका असर नहीं है। जनता को सब समझ में आ गया है। पता चल गया है कि नया कानून नागरिकता देने के लिए बनाया गया है। इससे किसी की नागरिकता नहीं जाएगी। 

वहीं, भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष रणजीत राय बड़े और महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून देश, समाजहित में है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, प्रदीप शुक्ला, विश्वजिताशु सिंह आशु, सहजानंद राय और जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह सैंथवार ने कहा कि विपक्ष ने जो अफवाह फैलाई थी, उसका असर नहीं है। जनता को सब समझ में आ गया है। पता चल गया है कि नया कानून नागरिकता देने के लिए बनाया गया है। इससे किसी की नागरिकता नहीं जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें