महाराष्ट्र के पुणे में सराफा कारोबारी की दुकान में हुई करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक की चोरी के मामले में गोरखपुर पुलिस हाई अलर्ट पर है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी नेपाल के रहने वाले हैं और वे उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल भागने की कोशिश कर सकते हैं। इनपुट मिलने के बाद गोरखपुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और नेपाल सीमा की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुणे के मांजरी बुद्रुक (मुंढवा रोड) क्षेत्र स्थित आराध्या ज्वेलर्स में अज्ञात आरोपियों ने दुकान के लॉकर और तिजोरी तोड़कर करीब 30 किलो सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 2.55 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मामले की जांच मांजरी और हडपसर पुलिस स्टेशन की टीमों के साथ क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड कर रहे हैं। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही सुरक्षा गार्ड और अन्य लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
महाराष्ट्र पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और उत्तर प्रदेश की पुलिस इकाइयों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। गोरखपुर पुलिस को मिले इनपुट के बाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के साथ समन्वय कर जांच अभियान तेज कर दिया गया है। नेपाल जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा लंबी दूरी की ट्रेनों में भी संदिग्ध यात्रियों की निगरानी की जा रही है। नेपाल सीमा की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। सोनौली सीमा की तरफ जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच कराई जा रही है। पुलिस स्थानीय स्तर पर भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस से मिली सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की फोटो और अन्य विवरण संबंधित पुलिस इकाइयों को भेजे गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों की संभावित गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।