गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर में डीजे बजाने से मना करने गई पुलिस पर हमले के आरोप में फरार आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना बीते एक नवंबर को हुई थी। मामले में सूर्य विहार चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार ने चार नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
एक नवंबर की रात करीब एक बजे किसी ने तेज आवाज में डीजे बजाने की सूचना पुलिस को दी। आरोप है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी भिड़ गए। सरकारी काम में बाधा पहुंचाते हुए पुलिस टीम पर लाठी और डंडा से हमला कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। घटना की तहरीर देकर सूर्य विहार चौकी प्रभारी ने दीपांकर, अश्वनी, शिवम और आशीष कुमार को नामजद करते हुए अन्य 20 आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, पुलिस टीम पर हमले सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया। इस घटना में आरोपी माधोपुर निवासी हरिश्चंद्र का नाम जांच में सामने आया। सोमवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना में कुछ लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।