बांसगांव चौराहे पर कपड़े की दुकान चलाता है आरोपी, शांतिभंग में आरोपी का चालान
बांसगांव। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करना बांसगांव कस्बे के युवक को महंगा पड़ गया। शनिवार को ग्रामीणों को जानकारी हुई तो वे आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने युवक की दुकान पर पहुंचकर विरोध किया। इसके बाद उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी। पैदल उसे चौकी पर ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार दोनखर निवासी लकी तनवीर बांसगांव चौराहे पर मुन्नी लाल सेठ की दुकान के सामने ‘केजीएन’ नाम से कपड़े की दुकान चलाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लकी तनवीर सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में आपत्तिजनक पोस्ट करता था। शनिवार को जब क्षेत्र में जानकारी फैली तो सैकड़ों की संख्या में लोग उसकी दुकान पर पहुंच गए। तनवीर को पकड़कर चप्पलों से पीटते हुए पुलिस चौकी तक ले गए और सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक की दुकान को बंद करा दिया। मामले की जानकारी होने पर उप जिलाधिकारी बांसगांव प्रदीप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने बताया कि युवक के विरुद्ध केस दर्ज कर शांति भंग में उसका चालान कर दिया गया है।