सिकरीगंज में शुक्रवार देर रात हुई घटना
कुईं बाजार (गोरखपुर)। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के महुई बुजुर्ग निवासी नागेंद्र प्रताप सिंह (28) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। एक्सटेंशन बोर्ड में मोबाइल चार्जिंग में लगाकर बात करते हुए सो जाने की वजह से नागेंद्र करंट की चपेट में आया है। बताया जा रहा है कि एक्सटेंशन बोर्ड में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सिकरीगंज के महुई बुजुर्ग निवासी नंदबिहारी प्रताप सिंह के दूसरे नंबर के लड़के नागेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार की रात तख्ते पर एक्सटेंशन बोर्ड में चार्जिंग में लगाकर मोबाइल चलाते हुए सो गए। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजन जगाने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। नागेंद्र अविवाहित था और घर रहकर खेती का काम करता था। सिकरीगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।