सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपी की तलाश कर रही एम्स पुलिस
गोरखपुर। एम्स इलाके के कुनराघाट स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम बूथ से कार्ड बदलकर जालसाज ने महिला के खाते से 1.6 लाख रुपये निकाल लिए। सीसीटीवी कैमरा फुटेज से संदिग्ध की पहचान कर एम्स थाना पुलिस तलाश कर रही है।
नीना थापा के पास रहने वाली सुमन देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति अभय कुमार आर्मी में नौकरी करते है। उनकी तैनाती वर्तमान में अहमदाबाद में है। शुक्रवार शाम 5:30 बजे कुनराघाट स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से दस हजार रुपये निकालने गई थी। इसी दौरान पीछे खड़े करीब 40 वर्षीय एक युवक ने झांसा देकर एटीएम कार्ड बदल लिया और वहां से भाग निकला। कुछ देर बाद सुमन के मोबाइल फोन पर खाते से 40 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उक्त रुपये कुसम्ही बाजार स्थित एक एटीएम से निकाल गए। इसके अलावा 66 हजार रुपये ग्राहक सेवा केंद्र से निकाल लिए गए। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।