एम्स थाना क्षेत्र का मामला, एक सप्ताह पहले विवाद के बाद पत्नी चली गई थी मायके
सरदारनगर। एम्स थाना क्षेत्र के विशुनपुर खुर्द गांव में रविवार रात पत्नी से फोन पर बात न करने से क्षुब्ध होकर शैलेंद्र निषाद (28) ने फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पहले पत्नी सुमन से विवाद होने पर वह नाराज होकर बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मयभरा गांव स्थित अपने मायके चली गईं थीं। रविवार देर रात शैलेंद्र ने अपनी साली को फोन कर पत्नी से बात कराने की बात कही। इसके बाद भी जब पत्नी से बात नहीं हो सकी तब नाराज होकर शैलेंद्र घर के टिनशेड में लगे लोहे की पाइप से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों को जब जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची एम्स पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र इलेक्ट्रिक व डीजे का काम करता था। घटना की सूचना पाकर ससुराल से पहुंची पत्नी सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है। शैलेंद्र के दो बच्चे 5 वर्षीय आयुष और 3 वर्षीय प्रियांशु है। सीओ ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।