सहजनवां। थाना क्षेत्र के बरईपार तेतरिया गांव में बृहस्पतिवार को दो पक्षों के बीच हुए मामूली विवाद के दौरान एक युवक ने दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम बरईपार तेतरिया में एक युवक व बिंद्रेश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान युवक ने बिंद्रेश पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बिंद्रेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल बिंद्रेश को सहजनवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवां ले जाया गया। डॉक्टरों ने बिंद्रेश की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल, बिंद्रेश का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई बताई जा रही है। संवाद