जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने मेडिकल कालेज किया रेफर, पुलिस कर रही जांच
भरोहिया। चिलुआताल के डोहरिया बाजार में शुक्रवार की शाम कहासुनी में काजीपुर निवासी राजेंद्र यादव पर चाकू से हमला हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। राजेंद्र के सीने में, पसली और जांघ पर चाकू लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काजीपुर के रहने वाले राजेंद्र यादव उर्फ फंटूश किसी काम से डोहरिया बाजार चौराहे पर गए थे। तभी वहां एक अन्य युवक आया और राजेंद्र से कहासुनी करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने चाकू से राजेंद्र पर हमला कर दिया। घायल होकर राजेंद्र के नीचे गिरने पर आरोपी युवक वहां से भाग गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना देते हुए घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित पक्ष से अभी तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।