दक्षिण पूर्व ईरान और आसपास है पश्चिमी विक्षोभ
शुक्रवार को निकली धूप, दो डिग्री सेल्सियस बढ़ा दिन का तापमान
गोरखपुर। दक्षिण-पश्चिमी ईरान और अफगानिस्तान पर बना पश्चिमी विक्षोभ खिसककर अब दक्षिण पूर्व ईरान की तरफ चला गया है। इस परिवर्तन के फलस्वरूप पूर्वी यूपी में अगले दो दिन तक बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा देर रात से सुबह कोहरा होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 11 से 14 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को धूप निकलने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
मौसम में हर दिन बदलाव आ रहा है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद शीतलहर का असर था। इसके चलते रात में न्यूनतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और भोर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद शुक्रवार को फिर बदलाव हुआ और सुबह आसमान साफ रहा और चमकीली धूप निकली। पूरे दिन धूप का असर रहा, जिसके चलते अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। दिन का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान मोहम्मद दानिश ने बताया कि शनिवार-रविवार को बादलों की आवाजाही के साथ पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। औसतन 3.3 एमएम बारिश हो सकती है। आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा और दिन के तापमान में बहुत अधिक गिरावट नहीं आएगी। 13 और 14 जनवरी को सुबह घना कोहरा रहेगा, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ रहेगा।
-
यहां है येलो अलर्ट
गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, देवरिया और संतकबीरनगर जिले के लिए 11 व 12 जनवरी को यलो अलर्ट है। वहीं बस्ती व सिद्धार्थनगर जिले में स्थिति सामान्य रहने की संभावना है। 13 व 14 जनवरी को गोरखपुर-बस्ती मंडल के सभी जिलों में स्थिति सामान्य रहेगी।
-फोटो 58 : कार्यक्रम का शुभारंभ करते मुख्यातिथि डॉ. राजेश कुमार व साथ मौजूद प्राचार्य। स्रोत कॉ