गोरखपुर। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में चल रही 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता के तीसरे दिन हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पहलवानों का दबदबा रहा। हरियाणा की विनाक्षी, आलिया और यूपी के हिमांशु ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, यूपी ने दो स्वर्ण और दो रजत सहित पांच मेडल अपने नाम किए।
44 किलोग्राम बालक फाइनल का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीडीओ संजय कुमार मीणा और विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के रामजन्म सिंह, अर्जुन अवॉर्डी प्रेम माया ने हाथ मिलवाकर कराया। इसमें उत्तर प्रदेश के हिमांशु ने राजस्थान के विराट को पटखनी देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
39 किलोग्राम बालिका भार वर्ग का फाइनल हरियाणा की विनाक्षी और राजस्थान की निकिता के बीच हुआ। इसमें विनाक्षी ने एकतरफा मुकाबले में राजस्थान की निकिता को 10-0 से चित किया। 46 किलोग्राम बालिका के फाइनल में हरियाणा की आलिया ने उत्तर प्रदेश की कामिनी को पटखनी देते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। 42 किलोग्राम बालिका में राजस्थान की वंशिका ने कर्नाटक की जाह्नवी को पटखनी दी।
48 किलोग्राम बालक में कर्नाटक के मोहनराज ने उत्तर प्रदेश के अशोक हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल सतीश सिंह, डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह, अंतरराष्ट्रीय कोच चंद्रविजय सिंह आदि मौजूद रहे।