गोरखपुर। जिले में सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए।
कैंपियरगंज क्षेत्र के सूरस गांव में सोमवार शाम अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़ी सुभावती (58) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सुभावती की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
वहीं सहजनवां थाना क्षेत्र के दरूआ चौराहे के पास सोमवार देर शाम अरविंद (25) बाइक से घर लौटते समय अनियंत्रित होकर गिर पड़े। उनके सिर और चेहरे पर चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था।
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के अयोध्या चक गांव के पास, सोमवार रात मैजिक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में अमित यादव (40), राजाराम (38) और सिद्धि (12) शामिल हैं। सभी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। तीनों कुशीनगर के निवासी हैं और तरकुलहा देवी मंदिर में मुंडन संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे।