बेलीपार के भौवापार की महिला भगदड़ में हुई थी घायल
महावीर छपरा। महाकुंभ स्नान में हुई भगदड़ में बेलीपार थाना क्षेत्र के भौवापार की महिला घायल हो गई थी। इलाज के लिए गोरखपुर आते समय रास्ते में ही 31 जनवरी को उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कराया गया।
भौवापार के काशी सैनिक ने बताया कि 27 जनवरी को मां पार्वती (65) व पिता रामराज के साथ सरकारी बस से महाकुंभ नहाने गए थे। 29 जनवरी की रात कुंभ स्नान के दौरान भगदड़ में मां पार्वती के सिर में चोट लग गई। प्रयागराज में अस्पताल में भर्ती कराने के लिए चक्कर में दो दिन लग गए। इसी बीच मां की तबीयत खराब होने लगी तब उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर लेकर निकले। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बीआरडी मेडिकल कॉलेज गए तो वहां पर डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद राप्ती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।