सरदारनगर। क्षेत्र के एक गांव में युवक ने बरात के दौरान मारपीट कर ली। जिस गाड़ी में बैठकर वह बरात गया था उसके मालिक ने युवक के बड़े पिता से शिकायत की तो उसने खुन्नस में आकर उनकी बोलेरो में आग लगा दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर अमन सोनकर पुत्र सेवालाल सोनकर निवासी डूडी चौराहे और अनुज यादव पुत्र मन्नू यादव निवासी ग्राम चौरी टोला सतहवा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
चौरीचौरा थानाक्षेत्र के खैराबाद टोला डूडी निवासी लालजी निषाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके गांव का युवक उनकी गाड़ी में छह दिन पूर्व बरात में गया था। बरात में उसने मारपीट कर ली। शिकायत उसके बड़े पिता से की तो युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ उनके घर के सामने खड़ी बोलेरो को फूंक दिया। लालजी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव से छह दिन पूर्व देवरिया जिले के गौरीबाजार क्षेत्र के कर्मजीतपुर में बरात गई थी। बड़े पिता जवाहर सोनकर से शिकायत की तो शनिवार रात अमन अपने दो साथियों के साथ मारने की नीयत से आया और गाड़ी में आग लगा दी। वहां पर उनकी माता सोई थीं। उनको भी पीटकर घायल कर दिया।
गांव वालों का कहना है कि अमन सोनकर आए दिन गांव में मारपीट करता है। उसके पास लोगों की टीम है जो आए दिन राह चलते किसी को भी मारपीट कर घायल करते हैं। अमन सोनकर पर सात केस दर्ज हैं।