विगत दिनों 735 एमवीए की अपेक्षा सोमवार को रहा 620 एमवीए लोड
गोरखपुर। विगत दिनों ज्यादा तापमान के कारण बिजली निगम का लोड ज्यादा बढ़ गया था। जिससे कई क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या सामने आई थी। सोमवार को दिन भर हुई बारिश ने बिजली निगम के लोड को कम कर दिया। मौसम तापमान नीचे आने के कारण लोगों ने एसी, कूलर और पंखा जैसे उपकरणों का कम इस्तेमाल किया। लोड कम होने के बाद भी पादरी बाजार के उपभोक्ताओं को कटौती झेलनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि विगत तीन दिन पहले जिले का लोड लगभग 735 एमवीए था जो सोमवार को घटकर 620 एमवीए हो गया। इस वजह से उपभोक्ताओं ने बिजली कटौती की शिकायतें की कीं। कुछ जगहों पर फॉल्ट हुआ भी तो इसे ठीक किया गया। पादरी बाजार में लोड कम होने के बावजूद भी दिन में कुछ घंटे बिजली कटी रही। उपभोक्ता संतोष तिवारी ने बताया कि मौसम चाहे कैसा भी क्यों न हो जाए यहां लो-वोल्टेज की समस्या समाप्त नहीं हो रही है। जिम्मेदार फोन नहीं उठाते हैं। फोन उठता भी है तो फॉल्ट बनने में घंटों लग जाते हैं।
पादरी बाजार के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि बारिश से लोड कम है। अधीक्षण अभियंता शहरी ई. लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तापमान बढ़ने के कारण लोड बढ़ा हुआ था जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा था। लेकिन सोमवार को शहर में फॉल्ट ना के बराबर हुए।