गोरखपुर। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के कला संकाय भवन में चल रही मतदान कर्मियों की ट्रेनिंग में बुधवार को दूसरे दिन भी 187 कर्मी देर से पहुंचे। कला संकाय भवन में टहल रहे सिंचाई विभाग के एक अवर अभियंता से पहले सीडीओ के स्टोनो से बहस भी हुई। इसके बाद जब सीडीओ संजय मीणा ने ट्रेनिंग कक्ष में जाने को कहा तो वह उनसे भी उलझ गया। इस पर सीडीओ संजय मीणा ने अवर अभियंता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के कला संकाय में मंगलवार से चुनाव को लेकर ट्रेनिंग चल रही है। पहले दिन भी बिना ट्रेनिंग लिए बाहर जा रहे मतदानकर्मियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की गई। देर से आए कर्मियों पर एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति प्रशासन ने की। बुधवार को भी सुबह 11 बजे के करीब सिंचाई विभाग का एक अवर अभियंता ट्रेनिंग कक्षा के बाहर कला संकाय भवन में टहल रहा था। सीडीओ के स्टोनो ने उसे ट्रेनिंग कक्ष में जाने को कहा तो दोनों में बहस होने लगी। इसी बीच सीडीओ भी पहुंच गए। उन्होंने भी अवर अभियंता से ट्रेनिंग लेने के लिए कहा तो उनसे भी कहासुनी होने लगी। इस पर सीडीओ ने कार्रवाई के निर्देश दे दिए।
उधर, प्रशिक्षण के दूसरे दिन कुल 181 मतदान कर्मी विलंब से पहुंचे। सीडीओ ने इन पर केस दर्ज कराने की संस्तुति की। जबकि, 161 मतदानकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इसमें 78 पीठासीन अधिकारी और 83 मतदान अधिकारी-प्रथम शामिल हैं। सीडीओ ने इन सभी को आखिरी मौका देते हुए बृहस्पतिवार को कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया। कहा कि अगर वे प्रशिक्षण लेने नहीं आते हैं तो इनके खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए विभागीय कार्यवाही प्रस्तावित कर दी जाएगी।