एम्स के दीक्षांत समारोह में आज शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उनके हाथों सम्मानित होंगे आठ विद्यार्थी
61 छात्रों को मिलेगी डिग्री, रविवार को पूरे दिन चली रिहर्सल, सभी तैयारियां हुईं पूरी
गोरखपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय दौरे के लिए गोरक्षनगरी सजकर तैयार है। सोमवार को महामहिम शहर में आएंगी और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इसे लेकर रविवार को फाइनल रिहर्सल किया गया। इसमें फैकल्टी और छात्र दोनों शामिल हुए। कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता ने स्वयं मंच, ऑडिटोरियम, प्रवेश द्वार और प्रशासनिक व्यवस्था का निरीक्षण किया। तैयारियों को अंतिम रूप देने में पूरा अमला दिनभर लगा रहा। देर रात समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं।
रविवार को रिहर्सल के दौरान मेडल और प्रमाणपत्र पाने वाले विद्यार्थियों को मंच संचालन से लेकर राष्ट्रपति के सामने सम्मान पाने तक का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में महामहिम द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, सांसद रविकिशन शुक्ल, कार्यकारी निदेशक डॉ विभा दत्ता और एम्स प्रेसिडेंट देश दीपक वर्मा भी मंच पर उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह में कुल 61 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, जिनमें 48 छात्र-छात्राएं एमबीबीएस, 8 एमएससी नर्सिंग और 5 एमएससी मेडिकल पाठ्यक्रम के हैं।
-
दीक्षांत का मिनट्स जारी
समारोह शाम 4:30 से 5:30 बजे तक एम्स के ऑडिटोरियम में होगा। 4:30 बजे राष्ट्रपति के आगमन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद छात्रों और फैकल्टी के साथ फोटोग्राफी होगी। 4:42 बजे दीक्षांत जुलूस ऑडिटोरियम की ओर प्रस्थान करेगा। 4:45 बजे राष्ट्र गान के साथ मंच पर राष्ट्रपति का स्वागत होगा। 4:47 बजे एम्स की अध्यक्ष दीक्षांत समारोह को औपचारिक रूप से ‘ओपन’ घोषित करेंगी। इसके बाद कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता द्वारा संस्थान की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति छात्रों को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगी। 5:22 बजे महामहिम का संबोधन शुरू होगा।
-.
इन्हे राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित
- डॉ. कार्तिक अरोड़ा को इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल और चरक गोल्ड मेडल
- डॉ. मानस पंत को सुश्रुत गोल्ड मेडल
- डॉ. आजमी अमीन अयाज को डॉ. केसी चौधरी गोल्ड मेडल
- डॉ. पर्ल यादव और डॉ. श्वेता कुमारी को डॉ. वीएन शिरोडकर गोल्ड मेडल
- डॉ. आदित्य पांडेय को डॉ. सुशीला नैयर गोल्ड मेडल
- सौम्या पांडेय और वैभव शर्मा को भी गोल्ड मेडल
-
ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी जारी, गेट नंबर 2 से प्रवेश
एम्स प्रशासन ने साफ किया है कि समारोह के दिन भी ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, ताकि आम मरीजों को कोई असुविधा न हो। मरीजों के प्रवेश के लिए गेट नंबर दो को विशेष रूप से खोला गया है।