12वीं का छात्र था, गुलरिहा के शिवपुर सहबाजगंज में बहन के साथ रहकर करता था पढ़ाई
मूलरूप से कुशीनगर का रहने वाला था आदर्श सिंह, मकान मालिक की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा थानाक्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज में किराए के मकान में बहन के साथ रह कर पढ़ाई कर रहे 12वीं के छात्र आदर्श सिंह (18) ने फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह उसका शव पंखे के कुंडे में चद्दर के सहारे लटका मिला। वह वॉलीबाल का भी अच्छा खिलाड़ी था। उसने स्टेट लेवल की कई प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन किया था।
मकान मालिक की सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही उसके मोबाइल को कब्जे में लिया है। प्रथमदृष्टया मौत की वजह अवसाद बताई जा रही है।
मूलरूप से कुशीनगर के हाटा इलाके के सिकटा गांव निवासी आदर्श सिंह एमपी इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ रेलवे स्टेशन स्थित रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में वॉलीबाल की प्रैक्टिस भी करता था। वह अपनी बड़ी बहन निधि सिंह के साथ संगम चौराहा स्थित शिवपुर सहबाजगंज निवासी नीलम श्रीवास्तव के मकान की तीसरी मंजिल पर किराए पर रहता था।
निधि फातिमा अस्पताल में नर्सिंग की तैयारी करती है। आदर्श के पिता सीताराम हाटा के एक व्यापारी के ड्राइवर हैं। आदर्श उनका इकलौता पुत्र था। निधि ने बताया कि दोनों रविवार रात करीब 9:30 बजे खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। रात 11 बजे के करीब नींद खुली तो आदर्श के कमरे में जाकर देखा तो वह मोबाइल में गेम खेल रहा था। इसके बाद उसे सोने की बात कह कर अपने कमरे में चली गई थी।
सोमवार सुबह भाई को जगाने कमरे में गई तो उसका शव पंखे के कुंडे में चद्दर के सहारे लटका मिला। इसके बाद मकान मालिक और अपने परिजनों को सूचना दी।
वर्जन
छात्र का शव कमरे में मिला था। मोबाइल फोन को कब्जे में लेने के साथ ही सुसाइड की वजह तलाशी जा रही है।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी