गुलरिहा क्षेत्र का मामला, पुलिस ने एक बाइक की सीज, तीनों का शांतिभंग में चालान
गुलरिहा। गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव को पहुंचे उसके दो दोस्तों की भी लोगों ने पिटाई कर दी। बाद में तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया और बाइक सीज कर दी।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे गांव में एक युवक ईंटों के ढेर के पास छिपकर बैठा था। आहट मिलने पर लोगों ने चोर समझकर उसे घेरकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान युवक ने मोबाइल से फोन कर अपने दो दोस्तों को बुला लिया। कुछ देर बाद दोनों युवक बाइक से मौके पर पहुंच गए। पहले तो दोनों ने पकड़े गए युवक को पहचानने से इंकार कर दिया लेकिन जब ग्रामीणों ने सख्ती दिखाई तो हकीकत सामने आ गई कि तीनों आपस में दोस्त हैं और पिपराइच थाना क्षेत्र के नैयापार गांव के रहने वाले हैं।
इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों की भी पिटाई कर दी। देखते ही देखते वहां काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा बढ़ गया। सूचना पाकर गुलरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से तीनों को किसी तरह छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों को थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि वह गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। इसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए तीनों युवक नैयापार, थाना पिपराइच के निवासी हैं। युवक का प्रेम प्रसंग का मामला होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मौके से बरामद बाइक सीज कर दी। शुक्रवार की सुबह तीनों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया।
-रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ