गोरखपुर। रेल प्रशासन ने उर्स में जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 05105/05106 आजमगढ़-मदार-आजमगढ़ उर्स विशेष गाड़ी का एक फेरे में संचलन का निर्णय लिया है। आजमगढ़ से तीन जनवरी एवं मदार, राजस्थान से सात जनवरी को एक फेरे के लिए चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर जाएगी।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आजमगढ़ से ट्रेन अपराह्न 03:30 बजे प्रस्थान करेगी। मऊ-भटनी, देवरिया सदर होते हुए गोरखपुर आएगी। यहां से रात में 08:55 बजे रवाना होगी। खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, मुरादाबाद, दिल्ली, रेवाड़ी होते हुए दूसरी ट्रेन रात आठ बजे मदार पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन सात जनवरी को मदार से रात 09:25 बजे वापस होगी और दूसरे दिन शाम को गोरखपुर पहुंचेगी।
गाड़ी में एसएलआरडी के दो, सामान्य द्वितीय श्रेणी के दो, शयनयान श्रेणी के 14, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के एक सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।
कोहरे के चलते पैसेंजर ट्रेनें निरस्त
रेल प्रशासन ने कोहरे की वजह से विलंब से चल रही दो पैसेंजर ट्रेनों को एक सप्ताह के लिए निरस्त किया है। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर से 23 से 29 दिसंबर तक चलने वाली 05031 गोरखपुर-गोंडा अनारक्षित विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी। गोंडा से 23 से 31 दिसंबर तक चलने वाली 05032 गोंडा-गोरखपुर अनारक्षित विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी।