2 से 4 सितंबर तक आयोजित नई दिल्ली में एनएफआईआर के अधिवेशन में भाग लेने जाएंगे 1000 रेलकर्मी
ट्रेन में बस्ती, गोंडा, लखनऊ, बरेली से भी रेलकर्मी सवार होंगे, पीआरकेएस ने की तैयारी
गोरखपुर। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे (एनएफआईआर) का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन दो से चार सितंबर तक नई दिल्ली में होगा। इस अधिवेशन में भाग लेने वाले करीब 1000 रेलकर्मियों को लेकर यूनियन स्पेशल मंगलवार सुबह नौ बजे गोरखपुर जंक्शन से रवाना होगी। ट्रेन में गोंडा, लखनऊ, बरेली से भी रेलकर्मी सवार होंगे। इसे लेकर फेडरेशन से संबद्ध संगठन पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ ने सारी तैयारियां कर ली है।
रेल प्रशासन से जारी शेड्यूल के मुताबिक, यूनियन स्पेशल मंगलवार की सुबह नौ बजे गोरखपुर से चलकर खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद होकर देर रात 1:15 बजे तिलक ब्रिज स्टेशन, नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन से जाने के लिए सोमवार की देर रात वाराणसी से एनएफआईआर के जोनल सेक्रेटरी रमेश मिश्रा के नेतृत्व में रेलकर्मी ट्रेन से गोरखपुर आएंगे और वे भी यूनियन स्पेशल से रवाना होंगे। एनएफआईआर के सहायक महामंत्री एवं पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद राय ने बताया कि सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। अधिवेशन में भाग लेने के लिए यूनियन एसी स्पेशल से ट्रेन में फेडरेशन के जनरल बॉडी सदस्य, कौंसिल सदस्य, यूथ वर्कर, महिला वर्कर और सक्रिय सदस्य परिवार के साथ जाएंगे। चार सितंबर को फेडरेशन के पदाधिकारियों का चुनाव भी होगा।