शॉर्ट सर्किट से लगी आग, आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद लेनी पड़ी
गोरखपुर। गर्मी पड़ते ही बिजली निगम की अव्यवस्था खुलकर सामने आ गई। मंगलवार की रात जहां बिछिया मोहल्ले में बिजली सप्लाई ठप थी, वहीं बुधवार रात मोहद्दीपुर के ओरियन मॉल के बगल में स्थापित 400 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे लगभग 300 घरों की बिजली गुल हो गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद लेनी पड़ी।
ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना पर बिजली के अधिकारियों ने सबसे पहले सप्लाई बंद की। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर में आग लगते ही सड़क से आने-जाने वाले लोग वहां से हटने लगे। ट्रांसफार्मर के ब्लास्ट होने का डर लग रहा था।
मोहद्दीपुर उपकेंद्र के अधिशासी अभियंता लवलेश कुमार ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। ओवरलोड होने के कारण आग लगने की बात कही जा रही थी। अधिशासी अभियंता लवलेश कुमार ने बताया कि 300 घरों की सप्लाई बहाल करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।