प्रेमिका से मिलने गोरखपुर आया था कानपुर के काकादेव का राहुल गौतम, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
पुलिस की पूछताछ में खुला मामला, युवक और गोली चलाने वाला दोस्त हिरासत में, पिस्टल बरामद
गोरखपुर। सूदखोरों से बचने के लिए कानपुर के रहने वाले राहुल गौतम नाम के युवक ने दोस्त से अपने ऊपर गोली चलवा ली और पुलिस को बदमाशों के हमले की सूचना दे दी। जांच में हकीकत सामने आने पर पुलिस ने राहुल और कानपुर के ही रहने वाले उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पिस्टल बरामद कर ली है। गोली लगने से घायल राहुल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गोरखपुर आया था और यहां उसने कहानी गढ़ दी।
एसपी नार्थ जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार देर रात गीडा इलाके में कानपुर के काकादेव के मतईयापुरवा निवासी राहुल गौतम को गोली लगने की सूचना मिली। राहुल तीन दिन पहले गोरखपुर आया था और रेलवे बस स्टेशन के पास एक होटल में रुका था। राहुल ने पुलिस को बताया कि बुधवार को उसने एक दोस्त को मिलने के लिए बुलाया था और उसके साथ रात में रामगढ़ताल घूमने चला गया। इसके बाद स्कूटी पर दोनों देर रात तक घूमते रहे।
राहुल का कहना था कि नौसड़ से आगे एक जगह पर रात में करीब दो बजे वह चाय पी रहा था तभी एक सफेद कार से दो युवक उतरे, उनमें से एक ने गोली चला दी, गोली उसके कंधे में लगी। इसके बाद उसका दोस्त उसे स्कूटी से जिला अस्पताल ले गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उसने रामगढ़ताल थानाक्षेत्र से डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। रामगढ़ताल पुलिस ने गुरुवार की सुबह राहुल का बयान लिया तो पता चला कि घटना गीडा थानाक्षेत्र में हुई है।
00
बस्ती चला गया था गोली चलाने वाला दोस्त
एसपी नार्थ ने बताया कि गीडा पुलिस ने जांच शुरू की पता चला कि एसी मैकेनिक राहुल को किसी बदमाश ने नहीं बल्कि उसके दोस्त ने उसी के कहने पर गोली मारी है। वह प्रेमिका से मिलने गोरखपुर आया था और उस पर लाखों रुपये का कर्ज है। सूदखोरों से बचने के लिए उसने दोस्त के साथ मिलकर साजिश रची। उसे लग रहा था कि गोली लगने की सूचना के बाद सूदखोर कुछ दिन तक परेशान नहीं करेंगे। वारदात के बाद उसका दोस्त अपनी मां के ननिहाल बस्ती चला गया और राहुल अस्पताल गया ताकि मेडिकल कराकर गोली के बारे में सभी को बता सके।
00
काकादेव में दर्ज हैं आपराधिक मामले
एसपी नार्थ ने बताया कि खुद पर गोली चलवाने वाला राहुल शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ कानपुर के काकादेव थाने में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए दो थानाक्षेत्रों का इस्तेमाल किया। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि बुधवार रात दोस्त के साथ नौका विहार से गीडा क्षेत्र के कालेसर जीरो प्वाइंट पर चाय पीने गया था। जहां कार सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी और उसके कंधे में गोली लग गई। वह स्कूटी से भागकर रामगढ़ताल क्षेत्र के नौका विहार पहुंचा। इसके बाद अस्पताल गया। जांच में मामला बेलीपार क्षेत्र का निकला। इसके बाद मामला बेलीपार पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस ने राहुल के दोस्त के बारे में खुलासा नहीं किया है।