गीडा थाना क्षेत्र की घटना, तीनों युवकों के शव मिले
जगतबेला/पिपरौली। गीडा थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव के सामने बरहुआ सिवान के पास राप्ती नदी में मंगलवार को साथियों के साथ नहाने गए दो युवक डूब गए। बुधवार को दोनों युवकों शैलेंद्र (19) और अभिषेक (26) के शव पुलिस ने बरामद कर लिए। वहीं जीरो पॉइंट कॉलेसर के पास भी शिवा पांडेय (20) की नदी में नहाने के दौरान डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अपराह्न तीन बजे बरहुआ गांव के पास संतकबीरनगर निवासी शैलेंद्र (19) ननिहाल में आया था। इसके बाद वह चचेरे भाई शैलेश, साथी अभिषेक (26), राकेश और मोहन निवासी हनुमानगढ़ी, राजघाट के साथ बरहुआ सिवान मंझरिया गांव के सामने राप्ती नदी में नहाने चला गया। अभिषेक, शैलेश व शैलेंद्र नदी में कूद गए और नहाने लगे। इस दौरान तीनों डूबने लगे। डूबता देख राकेश व मोहन ने बचाने की कोशिश की। किसी तरह शैलेश को बचाकर बाहर निकाला। वहीं अभिषेक व शैलेंद्र नदी में डूब गए।
शोर मचाया तो जुटे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को सूचना दी। इसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम पहुंची और खोजबीन शुरू की। काफी देर तक तलाश के बाद बृजेश और शैलेंद्र नहीं मिले। रात होने पर खोजबीन बंद कर दी गई। बुधवार सुबह दोबारा तलाश शुरू हुई तब शैलेंद्र का शव कुछ ही दूरी पर नदी में उतराता मिला। शाम पांच बजे के करीब अभिषेक का भी शव मिल गया।
ममेरे भाई के साथ कालेसर घाट पर नहाने आया था शिवा
चिलुआताल थाना क्षेत्र के भंडारो निवासी शिवा पांडेय (20), अपने ननिहाल गीडा क्षेत्र के भिलौरा गांव में मंगलवार को आया था। मंगलवार दोपहर बाद वह ममेरे भाई छोटू के साथ कालेसर घाट पर नहाने गया और डूब गया। काफी तलाश के बाद भी वह नहीं मिला। बुधवार को गीडा थाना पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने शाम शिवा का शव खोज निकाला। शैलेंद्र के ननिहाल वालों ने प्रशासन से मुआवजा की है। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने की अपील की, क्योंकि गर्मी में डूबने की घटनाएं बढ़ रही हैं। गीडा एसएचओ अश्वनी पांडेय ने कहा कि तीनों युवकों का शव मिल गया है। उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।