खोआ मंडी, चौरीचौरा और खजनी में चला खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान
जांच की सूचना से बंद हो गईं मिठाई और किराना की दुकानें
गोरखपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटखोरों की जांच के लिए सोमवार को शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र का भी रुख किया। खजनी और चौरीचौरा में दुकानों में छापा मारकर तीन नमूने लिए गए। टीम जांच करने पहुंची तो कई दुकानदारों ने शटर गिरा दिया। एक जगह रंग वाला लड्डू दिखा, जिसे नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने झंगहा थाना क्षेत्र में छापा मारकर चार खाद्य पदार्थों का नमूना लिया। जांच होते ही ज्यादातर मिठाई और किराना की दुकानें बंद हो गईं। टीम ने मोतीराम अड्डा की एक दुकान से पेड़ा का नमूना लिया। इसके अलावा मिठाई के दो दुकानदारों को सफाई का ख्याल रखने की चेतावनी दी गई। इसके बाद टीम झंगहा पहुंची और वहां पर नमकीन, जेम रोल और कैंडी का नमूना लिया। एक दुकान पर बिना नाम के पानी का पाउच बेचते मिला, जिसे नष्ट कराया गया।
इसके अलावा खजनी एसडीएम रामप्रताप सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार राम सूरज प्रसाद ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ खजनी व भैंसा बाजार में दुकानों की जांच की। जानकारी होते ही कई मिष्ठान व्यापारी दुकान बंद कर खिसक गए। राजकुमार स्वीट्स हाउस खजनी से खोआ, छेना और शिवम मिष्ठान भंडार भैंसा बाजार से बर्फी का सैंपल लिया गया। यहां लड्डू में रंग की अधिकता देख लगभग 10 किलो लड्डू नष्ट करवा दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी, उमाशंकर सिंह, शैलेंद्र श्रीवास्तव, प्रतिमा उपाध्याय, आशुतोष कुमार, संतोष तिवारी, विजयानंद आदि शामिल रहे।