ई-रिक्शा चालक से आठ मई को चार पहिया वाहन सवारों ने लूटा था नकद और मोबाइल
मानीराम चियुटहा पक्के पुल के पास से रामपुर-गोपालपुर मार्ग पर हुई थी लूट की घटना
लूट के बाद पीड़ित के मोबाइल से ट्रांसफर कर लिए थे 1.90 लाख रुपये
चिलुआताल। ई रिक्शा चालक को लूटने के तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने दो लुटेरों को जेल और एक बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भिजवा दिया है। चार पहिया वाहन सवार आरोपियों ने ई रिक्शा चालक से मोबाइल और नकद रुपये लूट लिए थे। आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल यूपीआई से 1.90 लाख रुपये ट्रांसफर भी कर लिए थे।
पीपीगंज के जंगल कौड़िया निवासी ई-रिक्शा चालक तुलसी राम ने तहरीर देकर बताया कि मैं आठ मई को ई-रिक्शा लेकर मानीराम चियुटहा पुल के पास से गुजर रहा था। मैं रामपुर-गोपालपुर मार्ग पर पहुंचा कि बिना नंबर की कार में सवार तीन युवकों ने मुझे रोक लिया और मेरा मोबाइल व रुपये लूट कर भाग निकले। तीनों युवकों ने मोबाइल के यूपीआई से कई बार में 1.90 लाख रुपये भी निकाल लिए। ई-रिक्शा चालक की तहरीर पर केस दर्ज कर चिलुआताल पुलिस उनकी गिरफ्तारी में जुटी हुई थी।
पुलिस ने शनिवार को शाहपुर के रामजानकी नगर निवासी अंकित मौर्या, करीमनगर निवासी उत्कर्ष राव व करीम नगर के ही रहने वाले एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। आरोपियों की निशानदेही पर लूट का मोबाइल और यूपीआई से निकाला गया रुपया बरामद कर लिया। पुलिस ने दो लूटेरों को जेल और बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भिजवा दिया है।