पुल बनने से गोरखपुर से लखनऊ रूट पर ट्रेनों को चलाने में होगी आसानी
डोमिनगढ़-खलीलाबाद के बीच तीसरी लाइन के साथ रेलवे बोर्ड ने सभी खंडों की डीपीआर मांगी
गोरखपुर। गोरखपुर-लखनऊ मेन रूट पर तीसरी रेल लाइन निर्माण के दौरान डोमिनगढ़ से खलीलाबाद के बीच राप्ती और रोहिन नदी पर तीन नए पुल बनाए जाएंगे। राप्ती पर एक बड़ा और एक छोटा व रोहिन पर एक छोटा पुल बनेगा। तीनों पुलों पर डबल लाइन बिछाई जाएगी ताकि भविष्य में इसे चौथी लाइन के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सके। इसके बनने से ट्रेनों के संचालन में सहूलियत होगी।
रेल प्रशासन ने डोमिनगढ़ से खलीलाबाद तक तीसरी लाइन (30 किमी) की डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेजी थी। अब रेलवे बोर्ड ने छपरा से बाराबंकी तक सभी रेलखंडों की डीपीआर एक साथ मांगी है। बताया जा रहा है कि पूरी मेन लाइन की डीपीआर मिलने के बाद एक साथ स्वीकृति दी जाएगी। प्रस्ताव के मुताबिक, अब तीसरी लाइन के तहत डोमिनगढ़ के पास बनने वाले पुल की लंबाई करीब 1300 मीटर होगी।
इसके अलावा दो पुल सहजनवां से खलीलाबाद के बीच में बनेंगे। ये दोनों पुल 400 से 500 मीटर की लंबाई में बनेंगे। अभी डबल लाइन में जो पुल बने हैं, वे सिंगल लाइन के हैं। अब जितने भी पुल बनेंगे, सभी डबल लाइन के होंगे। तीसरी लाइन बाराबंकी-गोरखपुर-छपरा रूट पर चलने वाली मालगाड़ियों के लिए फ्रेट कॉरिडोर साबित होगी। इससे मालगाड़ियों के साथ यात्री ट्रेनों का संचालन भी दुरुस्त हो जाएगा।
वर्जन
पूर्वोत्तर रेलवे में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार का कार्य किया जा रहा है। साथ ही जहां तीसरी लाइन और चौथी लाइन की जरूरत है, उन रेलखंडों के फाइनल लोकेशन सर्वे का कार्य पूरा कर डीपीआर बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में डोमिनगढ़-खलीलाबाद के बीच पूर्व में बने रेल पुल के बगल में नए पुल बनाए जाएंगे।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनईआर