कैंपियरगंज पुलिस ने एक दिन पहले हुई थी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई, छह अन्य की तलाश जारी
10 फरवरी को राजेंद्र वर्मा से 9.70 लाख रुपये, जेवर और मोबाइल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश
गोरखपुर। कैंपियरगंज पुलिस ने शनिवार सुबह क्षेत्र से सराफा कारोबारी राजेंद्र वर्मा से हुई लूट मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई, जिसमें एक दिन पहले ही थानेदार राकेश रोशन सिंह ने डीएम के अनुमोदन से केस दर्ज किया था। पुलिस ने गिरोह के सरगना संदीप साहनी, सहयोगी संतोष मौर्या और गोलू को गिरफ्तार कर दोपहर बाद न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस गैंग में कुल नौ गुर्गे शामिल हैं, जिनमें से श्यामलाल गौड़, मुलायम साहनी, मंजीत निषाद, अमरनाथ विश्वकर्मा और आलोक पासवान अभी भागे हुए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं।
एसपी ने बताया कि गिरोह ने 10 फरवरी 2025 को पीपीगंज निवासी राजेंद्र वर्मा को निशाना बनाकर 9.70 लाख रुपये, जेवर और मोबाइल लूट ली थी। पुलिस ने मामले में नौ आरोपियाें को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था। डीएम के अनुमोदन पर शुक्रवार को कैंपियरगंज थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने आरोपियों पर गैंगेस्टर एक्ट का केस दर्ज कराया था। शनिवार सुबह पुलिस ने करीमनगर टोला करमहिया निवासी गिरोह के सरगना संदीप साहनी, कोईरीपुरवा निवासी संतोष मौर्या और हरनामपुर डकहवा टोला के गोलू को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि भागे हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं।