गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान कार से हरियाणा की 1020 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब को बिहार ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तस्कर कार छोड़कर भाग गए।
रामगढ़ताल थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ ने बताया कि क्रेटा कार की जांच में पाया गया कि पीछे की सीट हटाकर शराब की बोतलें भरी गई थीं। डिकी में भी शराब रखी गई थी। कार की नंबर प्लेट की जांच में पता चला कि यह गाड़ी राजस्थान से चोरी की गई थी। वहां पर केस भी दर्ज है।
पुलिस का मानना है कि तस्कर चोरी की कार से शराब बिहार ले जा रहे थे। जहां शराब बंदी होने के कारण इसे तीन गुना अधिक दाम में बेचा जाता है। कार से युवक का फोटो भी मिला है, जिससे चार लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। इसके अलावा आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कार और 1020 बोतल शराब को कब्जे में ले लिया है। रामगढ़ताल थाने में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।