गोला की छात्रा का आरोप-हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने की कोशिश की
चौरीचौरा में शोहदों की पिटाई के बाद लोगों ने पुलिस को सौंप दिया
गोरखपुर। गोला में परीक्षा देकर और चौरीचौरा में कोचिंग से लौट रही छात्राओं से शोहदों ने छेड़खानी कर दी। गोला की छात्रा ने आरोप लगाते हुए बताया है कि युवक ने हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने की कोशिश की, विरोध पर उसका मोबाइल तोड़कर भाग गया। वहीं चौरीचौरा में छेड़खानी करने वाले दोनों शोहदों को स्थानीय लोगों पकड़कर पीट दिया। इसके बाद शोहदों को पुलिस को सौंप दिया। दोनों थानों की पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया।
गोला की छात्रा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि छह जनवरी वह कॉलेज परीक्षा देने गई थी। अपराह्न तीन बजे वह काॅलेज से बाहर निकली तो शोहदा धनंजय मिश्रा बाइक लेकर रास्ते में खड़ा था। उसे देखते ही हाथ पकड़ लिया और बाइक पर बैठाने लगा। विरोध पर उसने मोबाइल फोन तोड़ दिया। शोर मचाने पर धमकी देते हुए फरार हो गया।
इधर, देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र की महिला अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ चौरीचौरा स्थित मायके में रहती है। बृहस्पतिवार को उनकी पुत्री कोचिंग गई थी। लौटते समय बाइक सवार दो शोहदे एक इंटर काॅलेज के पास छात्रा को अकेला पाकर परेशान करने लगे। इसी बीच छात्रा की मां भी बाजार में दिख गई। छात्रा ने मां को देखते ही बाइक सवार शोहदों की तरफ इशारा किया। मां के शोर मचाने पर लोगों ने बाइक सवार दोनों शोहदों को पकड़ लिया और पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। इस संबंध में एसपी उत्तरी और प्रभारी दक्षिणी ने बताया कि गोला थाने की पुलिस केस दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है। चौरीचौरा क्षेत्र में छेड़खानी करते पकड़े गए दोनों नाबालिग हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है।