तीन ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत सीटें भी होंगी कम
विभाग कल शासन को भेजेगा डाटा, इसके बाद मांगी जाएंगी आपत्तियां
गोरखपुर। पंचायतों का परिसीमन पूरा हो गया है। जिले में पंचायतों में कोई परिर्वतन नहीं हुआ है। उधर, तीन ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत की सीटों में कमी आई है। जिले में जिला पंचायत सदस्य की सीटें 68 से घटकर 67 हो गई हैं। सोमवार को पंचायती राज विभाग इसकी सूची जारी कर आपत्तियां मांगेगा।
जिले में तीन ब्लॉक उरुवा, पाली व बड़हलगंज की 65 हजार की आबादी निकाय क्षेत्र विस्तार के समय कम हो गई थी। इस कारण जिले में 1273 ही पंचायतें रह गईं। शासन ने हाल में निकाय में शामिल होने के बाद प्रभावित हुई पंचायतों का परिसीमन और वार्ड निर्धारण करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद पंचायती राज विभाग ने इसका काम शुरू किया था। काम लगभग पूरा हो गया है।
सोमवार को ये सूची शासन को भेजी जाएगी। साथ ही प्रकाशित कर इसकी आपत्ति भी मांगी जाएंगी। डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने बताया कि परिसीमन पूरा हो गया है। क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत की सीटें कम हुई हैं।