- धुरियापार में अदाणी ग्रुप के अंबुजा सीमेंट के लिए 50 एकड़ और केयान ग्रुप के श्रेयश डिस्टीलरी को मिलेगी 65 एकड़ जमीन
- गीडा के सेक्टर 27 में कोका कोला के लिए अमृत बाॅटलर्स को आवंटित होगी 45 एकड़ जमीन
- मंगलवार को गीडा में निवेशकों का हुआ साक्षात्कार, जल्द ही सीएम के हाथों बंटेगा आवंटन पत्र
गोरखपुर। गीडा में कोका कोला और धुरियापार में अंबुजा सीमेंट व श्रेयश डिस्टीलरी के लिए जमीन का आवंटन इसी सप्ताह हो जाएगा। धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के साथ ही गीडा के इंडस्ट्रियल सेक्टर्स में कुल मिलाकर 184 एकड़ औद्योगिक भूमि का आवंटन करने के लिए मंगलवार को गीडा कार्यालय में साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। 184 एकड़ जमीन पर 5825 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इससे 8500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। 15 अगस्त से पहले जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके बाद गीडा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों उद्यमियों को आवंटन पत्र दिया जाएगा।
औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए मंगलवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के कार्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक की देखरेख में साक्षात्कार हुआ। इसमें धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप के सेक्टर एस-5 में अदाणी ग्रुप को अंबुजा सीमेंट की यूनिट लगाने के लिए 50 एकड़ और केयान ग्रुप व इसके सहयोगी श्रेयश डिस्टिलरी एंड एनर्जी लिमिटेड को डिस्टिलरी और पॉवर प्लांट के लिए 65 एकड़ भूमि आवंटन की मंजूरी दी गई।
गीडा प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार 27 जून से तीन अगस्त तक औद्योगिक और आवासीय योजना के भूखंडों के आवंटन के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन लिए गए थे। गीडा के सेक्टर-13, 15, 26, 27 व 28 में प्लॉट आवंटित होना था। इसके अलावा धुरियापार में नव विकसित औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर एस-5 में आवेदन लिए गए थे।
औद्योगिक योजना के लिए 221 भूखंडों के सापेक्ष पात्र 65 आवेदकों का साक्षात्कार गीडा कार्यालय में किया गया। इसमें अंबुजा सीमेंट (अदाणी ग्रुप), श्रेयश डिस्टिलरी एंड एनर्जी लिमिटेड, अमृत बाॅटलर्स (कोका कोला), केयान डिस्टिलरी, सीआर ग्लोबल पल्स लि., फेयर मेडिक्स प्रा. लि., फ्लेक्सी ग्रीन लि., अशोका रबर रोल्स, एचजीएफ प्लाईवुड, अमर नमकीन, दीवान पैकेजिंग आदि शामिल हैं। योजना में 7,43,402.00 वर्गमीटर (184 एकड़) औद्योगिक भूमि के आवंटन के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया संपन्न की गई। इस पर 5,825 करोड़ का निवेश होगा, जिससे 8,500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
-
आवासीय योजना में आए थे 480 आवेदन
गीडा के विभिन्न सेक्टरों की आवासीय योजना में खाली भूखंडों का आवंटन ई-लॉटरी के जरिये किया गया। कुल 86 भूखंडों के लिए 480 आवेदन आए थे। देर शाम ई-लॉटरी की प्रक्रिया पूर्ण हुई। सफल आवंटियों की सूची गीडा की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
वर्जन...
गीडा में कोका कोला समेत कई बड़े उद्योगों को जमीन आवंटन के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गई। इसी के साथ धुरियापार में अदाणी ग्रुप की सीमेंट फैक्टरी व केयान ग्रुप की डिस्टीलरी व एनर्जी पार्क के लिए भी जमीन दी जाएगी। 15 अगस्त के बाद एक भव्य समारोह में उद्यमियों को मुख्यमंत्री के हाथों आवंटन पत्र दिलाया जाएगा।
- अनुज मलिक, सीईओ, गीडा