जीडीए की मांग पर जमीन चिह्नित कर नगर निगम ने भेजा प्रस्ताव
गोरखपुर। नगर निगम क्षेत्र के सभी 80 वार्डों में कल्याण मंडपम बनाया जाना है। इसके तहत नगर निगम ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की मांग पर चार और वार्डों में जमीन चिह्नित कर नक्शा और नजरी रिपोर्ट सौंप दी है। अब जीडीए इन स्थानों का मौका मुआयना कर उपयोगिता तय करेगा और उसके बाद डीपीआर तैयार की जाएगी।
नगर निगम की ओर से चिह्नित स्थलों में वार्ड नंबर 42 नथमलपुर में 0.210 हेक्टेयर, वार्ड नंबर 35 सालिकराम नगर स्थित शिवपुर सहबाजगंज में 0.280 हेक्टेयर, वार्ड नंबर सात महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-दो में 0.320 हेक्टेयर और वार्ड नंबर पांच सरदार भगत सिंह नगर मोहद्दीपुर में 0.325 हेक्टेयर जमीन शामिल है।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि जीडीए को चिह्नित जमीन का नक्शा और संपूर्ण डिटेल सौंप दिया गया है। यदि किसी जमीन को अनुपयुक्त माना जाएगा तो अन्य विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएंगे। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि प्रस्ताव पर अध्ययन किया जाएगा। कल्याण मंडपम के लिए पार्किंग की व्यवस्था, पहुंच मार्ग की चौड़ाई, साथ ही सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और मांगलिक आयोजनों की जरूरतों को देखते हुए उपयुक्तता तय की जाएगी।