गोरखपुर। राजघाट इलाके के तुर्कमानपुर में एक घर में पर्शियन बिल्ली चुराने वाला बुधवार को उसे पीड़ित सुमन के घर छोड़ गया। बिल्ली मिलने की सूचना महिला ने पुलिस को दी। मामले में पुलिस संदेह के आधार पर दो लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही थी।
सुमन यादव ने राजघाट थाना पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि पांच नवंबर को तबीयत खराब होने पर वह अपना इलाज कराने गई थीं। इसी दौरान घर के अंदर घुसकर कोई उनकी पर्शियन बिल्ली को उठा ले गया। पहले भी घर के अंदर तीन बार चोरी हो चुकी है। पर्शियन बिल्ली को वह गुल्ली के नाम से बुलाती थीं। नौ माह पहले उसे 20 हजार रुपये में खरीदा था।
सुमन ने दो लोगों पर चोरी करने का संदेह जताया था। सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि चोरी हुई बिल्ली मिल गई है। घटना को किसने अंजाम दिया है, इसकी जांच चल रही है।
दो माह पहले चोरी हुई थी सेवानिवृत डीआईजी की बिल्ली
दो माह पहले कैंट क्षेत्र में रहने वाले सेवानिवृत डीआईजी की बिल्ली को उनकी नौकरानी ने चुरा लिया था। सीसी कैमरे का फुटेज देखने के बाद पुलिस ने नौकर को हिरासत में लिया तो उसके घर से बिल्ली बरामद हुई थी।
नहीं मिली नेपाल के पूर्व चुनाव आयुक्त की बिल्ली
दो वर्ष पहले रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर नौ से नेपाल के पूर्व चुनाव आयुक्त की बिल्ली गायब हो गई थी। खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला। स्टेशन के अलावा शहर में गायब हुई बिल्ली का पोस्टर लगाने के साथ ही खोजने वाले को पुरस्कार देने की घोषणा हुई थी, लेकिन पता नहीं चला।