रामगढ़ताल नौकायन पर रविवार को पलट गई थी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर
गोरखपुर। नौकायन रोड पर रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया है। दुर्घटना में सड़क किनारे लगे कई बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। मामले में बिजली निगम के अवर अभियंता रविंद्र कुमार ने फॉर्च्यूनर गाड़ी नंबर यूपी 53 बीए 5000 के अज्ञात चालक के विरुद्ध तहरीर दी है।
रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे नौकायन से पैडलेगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर आगे चल रही कार को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद चर्चा थी कि फॉर्च्यूनर किसी नेता की थी, जिसे बेच दिया गया था, लेकिन वाहन के कागजात का ट्रांसफर नहीं हुआ था। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। रामगढ़ताल थाना प्रभारी ने आरटीओ से वाहन स्वामी व गाड़ी के पंजीकरण के बारे में जानकारी मांगी है। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही गाड़ी के असली मालिक और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।