पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किया गिरफ्तार
सहजनवां। सहजनवां क्षेत्र में नेता के निजी चालक गोलू ने पड़ोस के गांव की किशोरी को शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। आरोपी पहले से शादीशुदा है। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर विडार गांव के आरोपी गोलू को गिरफ्तार कर लिया है।
सहजनवां क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी एक निजी स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा है। किशोरी ने बताया कि गांव में आने-जाने वाले गोलू से उसकी जान-पहचान हुई थी। गोलू एक नेता की गाड़ी चलाता है। अक्सर राजनीतिक रौब के साथ इलाके में आता-जाता था। बातचीत के दौरान उसने किशोरी को शादी का झांसा दिया और विश्वास जीतने के बाद उसे गीडा औद्योगिक क्षेत्र के दो होटलों में ले गया, जहां उसके साथ यौन शोषण किया।
किशोरी के पिता ने तहरीर में बताया कि करीब एक साल बाद बेटी को पता चला कि गोलू पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर किसी से कुछ बताया तो पूरे परिवार को खत्म कर देगा। सहजनवां थाना पुलिस ने विडार गांव के गोलू पर दुष्कर्म, धमकी व पाॅक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद उसे न्यायालय में भेजा गया, जहां से जेल भेज दिया गया।