तंत्र-मंत्र की आशंका, ऑटो में एक महिला ने पानी पिलाया फिर बेहोश हो गई थी बालिका
चौरीचौरा क्षेत्र के एक गांव से दो जून को लापता हुई थी 12 वर्षीय बालिका
ललाट पर चोट और गर्दन पर एक मुहर के मिले हैं निशान
सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा क्षेत्र के एक गांव से लापता 12 वर्षीय बालिका शनिवार को बदहवास स्थिति में अपने घर पहुंची। उसके बाल कटे थे और माथे पर सिंदूर लगा था। उसके पास चार पन्नों का एक कागज भी मिला है, जिस पर तंत्र-मंत्र से संबंधित कुछ वाक्य लिखे हैं। पूछताछ के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि तंत्र-मंत्र के चक्कर में उसे कोई महिला ले गई होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बीते दो जून की सुबह बालिका स्कूल में पढ़ने गई थी। स्कूल से छुट्टी के बाद वह एक ऑटो में बैठी, लेकिन घर नहीं पहुंची। लड़की की मां ने चौरीचौरा पुलिस को तहरीर देकर बालिका के लापता होने और अनहोनी की आशंका जताई थी। पुलिस के साथ परिजन भी उसकी तलाश में जुटे थे।
शनिवार को दिन में 11 बजे गांव के युवक ने उसे एक पेट्रोल पंप के पास देखा तो वह बदहवास स्थिति में मिली। युवक ने उसे घर पहुंचाया। लड़की के कुछ बाल काट दिए गए हैं। उसके माथे पर सिंदूर लगा हुआ था और स्कूल ड्रेस की जगह उसे दूसरा कपड़ा पहनाया गया था। लड़की के माथे पर चोट के भी निशान हैं। उसकी गर्दन पर एक मुहर के भी निशान मिले हैं। वह कुछ भी ठीक से नहीं बता पा रही है।
वह बस इतना बता रही है कि जब वह ऑटो में बैठने के लिए खड़ी थी तो एक महिला ने उसे पानी पीने के लिए दिया। इसके बाद जब उसे होश आया तो वह कहां थी, उसे याद नहीं है। परिजनों ने लड़की के घर पहुंचने की सूचना चौरीचौरा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की से पूछताछ की और जांच के लिए उसके द्वारा बताए गए स्थानों पर लेकर गई, लेकिन वहां कुछ ठोस पता नहीं चला।
लड़की के पास से चार पन्नों का एक कागज भी मिला है, जिस पर तंत्र-मंत्र से संबंधित कुछ बातें लिखी हुई हैं। पुलिस बालिका से पूछताछ कर और जानकारियां जुटा रही है। चौरीचौरा पुलिस ने लड़की को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।
वर्जन
बालिका के मिलने के बाद उससे पूछताछ की गई है। लड़की कुछ भी बता नहीं पा रही है। मामले की जांच की जा रही है। ठोस जानकारी मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- अनुराग कुमार सिंह, सीओ, चौरीचौरा