बारिश के लिए परिस्थितियां कमजोर पड़ीं, पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है तापमान
गोरखपुर। अगले पांच दिन तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी हो सकती है। मौसम विज्ञानी के अनुसार, बुधवार से फिर मौसम बदलेगा।
इस बार मई के अंतिम सप्ताह में पूर्वी यूपी में अनुमान से कहीं ज्यादा बारिश हुई। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहे। मानसून भी केरल तट पर एक सप्ताह पहले ही आ गया। इसके बाद जून के पहले सप्ताह में ही बारिश की संभावना जताई जाने लगी। देश के अन्य हिस्सों में तो मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही है, लेकिन पूर्वी यूपी में स्थिति बदली नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वी दिशा में आगे बढ़ने के साथ ही बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियों के कमजोर पड़ने के परिणामस्वरूप पांच जून को छिटपुट बारिश हुई। छह जून से बारिश का यह दौर थम जाने से तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी की संभावना है।
मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि यह स्थिति अगले मंगलवार तक रहेगी। इसके बाद फिर मौसम में बदलाव आएगा और बुधवार को बारिश से तापमान में कमी आएगी। बता दें कि पूर्वी यूपी में 18 जून से मानसून सक्रिय होने की उम्मीद है।