62 किमी लंबाई में नई लाइन बिछाने के लिए सर्वे पूरा कर रेलवे बोर्ड को भेजी गई डीपीआर
रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही शुरू हो जाएगा लाइन बिछाने का काम
नई लाइन बिछने से फुल स्पीड से चल सकेंगी गोरखपुर से लखनऊ रूट पर जाने वाली ट्रेनें
गोरखपुर। एनईआर में सबसे पहले चौथी रेल लाइन बुढ़वल से गोंडा के बीच बिछाई जाएगी। 62 किमी लंबाई वाले इस सेक्शन में चौथी लाइन बिछाने के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है। रेल प्रशासन ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही लाइन बिछाने का काम शुरू हो जाएगा।
छपरा से लखनऊ के बीच मेन लाइन पर सबसे ज्यादा ट्रेनों का लोड गोंडा-जरवल रोड-बुढ़वल के बीच है। इस सेक्शन से ही लखनऊ, गोंडा, बहराइच, सीतापुर के लिए रेल लाइन जाती है। इसके चलते ट्रेनों की आवाजाही ज्यादा है। इसलिए, रेलवे प्रशासन ने उच्च घनत्व वाले इस रेलमार्ग की ट्रैक क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक ट्रेनें चलाकर यात्रियों को सहूलियत प्रदान की जा सके।
इसी क्रम में चौथी लाइन बिछाने की तैयारी है। चौथी लाइन बिछने के बाद ट्रैक की क्षमता दोगुनी हो जाएगी। गोरखपुर से लखनऊ रूट पर जाने वाली ट्रेनें फुल स्पीड यानी 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी, इससे समय की बचत होगी।
करनैलगंज-घाघरा घाट तीसरी लाइन का काम पूरा
छपरा-लखनऊ मेन लाइन पर करनैलगंज से घाघरा घाट (21.77 किमी) के बीच तीसरी लाइन का काम पूरा हो गया है। जून में इस लाइन का परीक्षण किया जाएगा, इसके बाद ट्रेनाें का आवागमन शुरू हो जाएगा। अभी छपरा-लखनऊ मेन लाइन पर गोरखपुर-कुसम्ही, गोंडा कचहरी-करनैलगंजऔर छपरा-छपरा कचहरी के बीच तीसरी लाइन का काम पूरा हो चुका है।
-
वर्जनयात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेल प्रशासन की ओर से सुनियोजित तरीके से रेल ट्रैक की क्षमता का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में छपरा से लखनऊ के बीच तीसरी लाइन का काम चल रहा है। गाेंडा-बुढ़वल के बीच चौथी रेल लाइन के लिए सर्वे हो चुका है और डीपीआर तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजा गया है।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनईआर