अमर उजाला के कार्यक्रम के तहत शहर के 18 प्रमुख चौराहों पर सुबह नौ बजे एक साथ गाया राष्ट्रगान
शास्त्री चौक पर युवाओं ने किया नृत्य, मोहद्दीपुर, कचहरी, गणेश और विश्वविद्यालय चौराहे पर भी उमड़े लोग
गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस का सूरज शुक्रवार की सुबह जैसे ही चमका, शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। अमर उजाला की ओर से आयोजित मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम ने इस बार स्वतंत्रता दिवस को और भी खास बना दिया। सुबह नौ बजे शहर के 18 प्रमुख चौराहों पर एक साथ लोगों ने खड़े होकर राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान की ध्वनि गूंजी और अगले 52 सेकेंड के लिए पूरा शहर मानो थम गया। यह दृश्य देखकर हर किसी का हृदय देशप्रेम से भर उठा।
सुबह नौ बजे से पहले ही शास्त्री चौक, कचहरी चौक, गणेश चौक, विश्वविद्यालय चौराहा और मोहद्दीपुर समेत सभी चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मियों और आम लोगों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था। चौराहों पर लगे आईटीएमएस के जरिये उद्घोषणा हुई कि ठीक नौ बजे राष्ट्रगान बजेगा। राष्ट्रगान की ध्वनि गूंजी और सड़क पर दौड़ती गाड़ियां जहां-तहां रुक गईं, राहगीरों ने कदम रोक लिए और छोटे-बड़े सभी ने तिरंगे को नमन करते हुए स्वर मिलाया।
शास्त्री चौक पर तो दृश्य अद्भुत था। राष्ट्रगान पूरा होते ही लोग झूम उठे। युवाओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य कर वातावरण को और ऊर्जावान बना दिया। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी ने देश की आजादी का जश्न मनाने में अपनी भागीदारी निभाई। कचहरी चौराहे, गणेश चौराहे, विश्वविद्यालय चौराहा और मोहद्दीपुर चौराहे पर भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान से निकलकर राष्ट्रगान में हिस्सा लिया, वहीं छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में गाकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कई जगहों पर राहगीर भी रुककर इस अनोखे क्षण का हिस्सा बने। लोगों का कहना था कि यह कार्यक्रम केवल राष्ट्रगान गाने का नहीं, बल्कि देश के प्रति समर्पण और एकता का संदेश देने का माध्यम है। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को तिरंगे की छांव में खड़े होकर गाते देखना हर किसी के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। कार्यक्रम के बाद कई जगह बच्चों ने नारे लगाए-भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद। तिरंगे झंडे लहराए गए और आसमान गूंज उठा।
इस अनूठे आयोजन ने शहरवासियों को देशभक्ति की डोर में बांध दिया। कुछ देर के लिए पूरा शहर एक साथ खड़ा होकर देश को नमन करता दिखा। इस दौरान मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक संजय कुमार, हृदय रोग विशेषज्ञ प्रकाश चंद्र शाही, शांतनु अग्रवाल, रामवृक्ष यादव समेत तमाम गणमान्य मौजूद रहे।
ये रहे सहभागी
एचपीजीके इन्फ्रा प्रा.लि. मुख्य प्रायोजक। सह-प्रायोजक आर. के. लक्ष्मी जनरल सेल्स प्रा.लि., एचपी चिल्ड्रेंस एकेडमी, डाॅ. अनुज सरकारी गैस्ट्रो-लिवर हॉस्पिटल, न्यू जया हॉस्पिटल, पल्स हार्ट सेन्टर, एसपी ब्रेन सेंटर एंड हॉस्पिटल, डा. एके मिश्र होम्योपैथिक क्लिनिक, हेल्थ प्लस डायग्नोस्टिक एंड इमेजिंग, आरोही फार्मा, स्टेपिंग स्टोन इंटर कालेज, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, जेपी एजूकेशन एकेडमी, सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी, अम्बे प्रॉपटेक प्रा.लि., इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, गीडा, तुलस्यान हेल्थकेयर प्रा.लि., अन्नपूर्णा स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल, केआईपीएम गीडा और एसपीएम पब्लिक स्कूल।