एम्स। थानाक्षेत्र में नंदानगर चौकी के पास शुक्रवार रात अनियंत्रित कार ने बालक सचिन (8) को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
मूलरूप से चौरीचौरा के बाल बुजुर्ग गांव के निवासी बलवंत अपनी पत्नी प्रमिला और आठ साल के बेटे सचिन के साथ नंदानगर में किराए के मकान में रहते हैं। बलवंत मजदूरी व उनकी पत्नी लोगों के घरों में चौका बर्तन करती हैं। बलवंत के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उनका बेटा खेलते हुए नंदानगर पुलिस चौकी के पास पहुंच गया। इस बीच कुशीनगर की ओर से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए एम्स ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द कर दिया। संवाद