महाराजगंज की किशोरी गुलरिहा स्थित ननिहाल में रहकर करती है पढ़ाई
गुलरिहा। एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महाराजगंज जिले के पनियरा की किशोरी अपने ननिहाल गुलरिहा इलाके में रहकर पढ़ाई करती है। किशोरी के पिता ने तहरीर देकर बेटी के साथ दुष्कर्म और अपहरण की कोशिश करने के आरोप में पीपीगंज के विनय और अज्ञात लोगों पर गुलरिहा थाने में केस दर्ज कराया है।
पिता ने आरोप लगाया है कि पीपीगंज क्षेत्र के मेहनरिया निवासी विनय निषाद उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर छह माह से शारीरिक संबंध बना रहा था।रविवार को चार मोटरसाइकिल व एक ऑटो में करीब 20 लोग आए और बेटी को जबरन लेकर जा रहे थे। आसपास के लोगों ने दौड़कर रोक लिया तब आरोपी मारपीट कर भाग निकले। गुलरिहा पुलिस का कहना है कि केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है।