चिलुआताल क्षेत्र में हुई थी वारदात, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मां ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
गोरखपुर। चिलुआताल पुलिस ने शुक्रवार को आठवीं के छात्र को बंधकर बनाकर मारपीट कर थूक चटाने के मामले में आरोपी किशोर को दबोच लिया। पूछताछ करने के बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
चिलुआताल क्षेत्र में साथ पढ़ने वाले मनबढ़ों आठवीं में पढ़ने वाले सफाईकर्मी के बेटे को बंधक बनाकर पहले लोहे की पाइप से पीटा। इसके बाद जमीन पर थूक कर चटवाते हुए वीडियो बनाकर साेशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला संज्ञान में आने के बाद छात्र की मां ने कुसहरा निवासी दो मनबढ़ों के खिलाफ केस दर्ज कराया। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने शुक्रवार को किशोर को उसके घर से दबोच लिया। आरोपी किशोर क्लास रूम में चिढ़ाने पर मारपीट की बात कबूल की है।
सफाई कर्मचारियों ने दिया धरना
जंगल कौड़िया। शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर कर्मियों और सफाई कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि किशोर से मारपीट कर थूक चटाने वाले मनबढ़ किशोरों ने छात्र के साथ दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया था। मामले में उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रमेश कुमार भारती के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
वर्जन
बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत करने की कार्रवाई चल रही है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में बुधवार को ही केस दर्ज कर लिया गया और जांच की जा रही है।
- विवेक कुमार तिवारी, सीओ, कैंपियरगंज।