समाजवादी पार्टी के नेता सहित चार नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
बड़हलगंज। नेशनल इंटर कॉलेज बड़हलगंज के सामने पूर्व प्राचार्य स्वर्गीय रामछबीले श्रीवास्तव की दुकानों पर अवैध कब्जे को लेकर सोमवार को कोर्ट अमीन और पुलिस बल की मौजूदगी में जमकर बवाल हुआ। कब्जा दखल दिलाने गए अधिकारियों के सामने ही लाठी-डंडा और हथियार लेकर विरोध शुरू हो गया।
मामले में पीड़ित अभिषेक श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्याम नारायण यादव, उनके भाई दुर्गेश यादव, भगवत यादव, मनीष यादव और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, कोर्ट ने 15 सितंबर को पुलिस बल के साथ पहुंचकर कब्जा दखल कराने का आदेश पारित किया था। आदेश के अनुपालन में अमीन राजेंद्र तिवारी सोमवार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इसी दौरान कब्जाधारियों ने गाली-गलौज, धमकी और फौजदारी की कोशिश की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यवाही रोकनी पड़ी।
अमीन ने बताया कि उनके पास केवल कुंडी तोड़ने और कब्जा दिलाने का आदेश था, दीवार ध्वस्त करने का अधिकार नहीं। इसलिए उन्होंने हाथ खींच लिया। इस बीच, पुलिस ने देर रात तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि न्याय के लिए वे दोबारा कोर्ट जाएंगे।