गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर गेट पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम हैं। कई बार सुरक्षा कर्मियों ने गेट पर चेकिंग कर संदिग्ध लोगों के पास से आपत्तिजनक चीजें भी पकड़ी हैं। कभी मंदिर के अंदर तक कोई उपद्रवी नहीं पहुंच पाया है। लेकिन शनिवार को नौशाद के दिमाग को पढ़ने में सुरक्षा कर्मी फेल हो गए। सीएम की मौजूदगी में नौशाद ने टॉवर पर चढ़कर करीब एक घंटे तक मंदिर परिसर में तमाशा किया। इससे सुरक्षा पर सवाल उठ रहा है। जांच भी शुरू कर दी गई है।
अक्तूबर माह में किसी ने माइक्रो फाइनेंस कंपनियों का लोन माफ होने की अफवाह फैला दी थी। इसके बाद गोरखपुर और महाराजगंज की हजारों महिलाएं अलग-अलग दिनों में गोरखनाथ मंदिर पहुंचीं। लेकिन पुलिस ने उन्हें मंदिर परिसर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। समझा-बुझाकर उन्हें वापस घर भेजा। साथ ही अफवाह फैलाने के आरोप में महाराजगंज और गोरखनाथ थाने में आरोपियों पर केस भी दर्ज किया गया।
योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद तीन अप्रैल 2022 को गोरखनाथ मंदिर में धारदार हथियार लेकर प्रवेश कर रहे मुर्तजा अब्बासी को पुलिस ने पकड़ा था। 14 जुलाई 2023 को चेकिंग के दौरान बिहार के व्यापारी के बैग से अवैध तमंचा मिला था। वह मंदिर में अपने बेटे के साथ दर्शन करने आया था। दस दिन बाद 24 जुलाई को गाड़ी की चेकिंग के दौरान डैशबोर्ड से दो कारतूस मिले थे। गाड़ी में बैठे श्रावस्ती जिले के लोगों से आईबी ने पूछताछ की थी।